उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी मंडल के डीआरएम पहुंचे उरई स्टेशन, 15 मई तक पूरा होगा फुटओवर ब्रिज का निर्माण
उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी मंडल के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई तो यात्री सुविधाएं बढ़ाने को लेकर निर्देश दिए। फुटओवर ब्रिज निर्माण में कमी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि मानक के अनुसार ही काम होना चाहिए। कार्यदायी संस्था को इसके लिए पूरी सजगता बरतने के लिए कहें। उन्होंने कहा कि 15 मई तक एफओबी का निर्माण पूरा हो जाएगा। प्लेटफार्म तीन की ओर मालगोदाम के पास सफाई के साथ ही चहारदीवारी बनाने के निर्देश दिए।
डीआरएम उद्योग नगरी एक्सप्रेस से अपराह्न करीब साढ़े 12 बजे पहुंचे। ट्रेन से उतरते ही उन्होंने तुरंत निरीक्षण शुरू कर दिया। नालियों, पेयजल स्टैंड से बहने वाले पानी का निकास सही न होने पर नाराजगी जताई। स्टील की बेंचें शेड में न होने पर उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्री कैसे इस पर बैठ सकेंगे। पंखे भी बेंचों से अलग लगे थे। जिस पर उन्होंने कहा कि पंखों के नीचे ही बेंचें लगवाई जाएं। प्लेटफार्म संख्या दो, तीन पर शेड बढ़ाए जाने के लिए कहा।उन्होंने वहां लगे विभिन्न स्टालों को भी देखा। पूछा पानी की बोतल कितने की दे रहे हो। जनता भोजन है या नहीं। उनके कागजात भी स्वयं चेक कर डाले। इसके साथ ही फ्रीजर खुलवाकर देखा कि पानी की बोतल कौन सी बेची जा रही है। मोबाइल चार्जिंग प्वाइंटों की संख्या बढ़ाए जाने के लिए कहा। टिकट घर भी इनकी संख्या बढ़वाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ध्वज स्थल पर पहुंचकर कहा कि यहां सफाई, सुरक्षा व्यवस्था रखी। प्रस्तावित महिला वेटिंग रूम को लेकर भी जानकारी हासिल कर निर्देश दिए। जीआरपी थाना हवालात के पास चहारदीवारी टूटी होने पर नाराजगी जताई।


