हथियारों से लैस इंदौर के तीन बदमाशों ने ट्रक चालक की आंख में मिर्च झोंककर साढ़े 16 लाख रुपये के चने से भरा ट्रक लूट लिया। सोमवार देर रात हुई वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। देर रात शहपुरा पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर ट्रक व उसमें लोड चना जब्त कर लिया। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मझौली पुलिस ने बताया कि दमोह निवासी संतोष सेन ने सोमवार को दमोह के गायत्री ट्रेडर्स से ट्रक एमपी 20 एचबी 5647 में साढ़े 16 लाख रुपये कीमत का 550 बोरी चना लोड किया और उसे लेकर कटनी रवाना हुआ। रात डेढ़ बजे के करीब मझौली के पास बिना नंबर की कार में पहुंचे तीन बदमाशों ने ट्रक के सामने कार अड़ा दी।
ट्रक रुकते ही हथियारों से लैस बदमाश कार से उतरे और चालक संतोष पर मिर्च स्प्रे डाल दिया। जीपीएस के बारे में पूछा। संतोष ने जानकारी न होने की बात कही, तो उससे मारपीट की। उसे ट्रक में बैठाया। हाथ को टेप से बांध दिया। संतोष बेहोश हो गया तो उसे रास्ते में फेंका और ट्रक लेकर फरार हो गए।


