प्रेम-प्रसंग के चलते एक सिरफिरा युवक सोमवार सुबह रेलवे स्टेशन के समीप मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देख भीड़ जुट गई। युवक का कहना है कि उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाया जाए।
पुलिस ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। पुलिस युवक को टावर से उतारने के लिए अग्निशमन की गाड़ी के साथ गद्दे बिछाकर जाल लगाने शुरू कर दिए हैं।
प्राइवेट नौकरी करता है आकाश
कोसीकलां के गोपाल बाग का रहने वाला युवक आकाश प्राइवेट नौकरी करता है। सोमवार सुबह नौ बजे वह रेलवे स्टेशन के समीप मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर जाकर जोर से चिल्लाने लगा। इससे आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। युवक का कहना है कि सात वर्ष से उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसने युवती से कोर्ट मैरिज भी कर ली है। लेकिन घरवाले उसे भेज नहीं रहे हैं।
युवती को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा युवक
टावर पर चढ़े युवक ने युवती को मौके पर बुलाने की मांग की है। सूचना पर कोसीकलां थाना प्रभारी राजकमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवक को काफी समझाया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। युवक की मां और बहन ने भी काफी कोशिश की, लेकिन युवक नीचे नहीं उतरा। पुलिस ने अग्निशमन विभाग को सूचना देकर गाड़ी मंगवाई। साथ ही टावर के नीछे गद्दे बिछवाकर जाल लगाने शुरू कर दिए हैं।


