7 दिन में धड़ाधड़ काटे 12,000 से ज्यादा चालान, गुरुग्राम पुलिस ने वसूला एक करोड़ से अधिक जुर्माना

2.0kViews
1545 Shares

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस गुरुग्राम ने एक सप्ताह में सख्त कार्रवाई करते हुए 12,440 चालान किए हैं। इसमें सबसे ज्यादा चालान रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1,702, रॉन्ग पार्किंग के 1,128 रहे।

पुलिस ने दो से आठ फरवरी के बीच की गई इस कार्रवाई में कुल एक करोड़ 41 लाख सात हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन के नेतृत्व में चलाए जा रहे चालान नहीं सलाम मिलेगा अभियान के तहत लगातार आठवें माह में की गई।

यातायात पुलिस ने मैदानी स्तर पर 11,045 चालान काटे, जिनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 749, पिलियन राइडर बिना हेल्मेट के 792, बिना सीट बेल्ट के 762, ड्रंकन ड्राइविंग के 399 और खतरनाक यू-टर्न के 340 मामले शामिल हैं।

इसके अलावा कैमरों के माध्यम से 1,395 चालान किए गए, जिनमें नो-एंट्री, ओवरस्पीडिंग और लेन चेंज के मामले प्रमुख रहे।

मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी

सड़क अनुशासन बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एनएच-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एनएचएआई के कैमरों और ड्रोन तकनीक की सहायता से ओवरस्पीडिंग और लेन बदलने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *