झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी होगी क्रियाशील, अगले सत्र से शुरू होगा प्रशिक्षण

2.4kViews
1753 Shares

राज्य में गठित झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी को सक्रिय करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत झारखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद को इस एकेडमी के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संस्थान को कार्यशील बनाने के लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत सभी आवश्यक पदों को प्रोन्नति के माध्यम से भरा जा रहा है। इनमें संयुक्त निदेशक, महाप्रबंधक, सेंटर को-ऑर्डिनेटर और प्रशासी पदाधिकारी जैसे प्रमुख पद शामिल हैं। इन पदों पर विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्राध्यापकों, सह प्राध्यापकों और सहायक प्राध्यापकों की तीन वर्ष की अवधि के लिए प्रतिनियुक्ति की जा रही है।

विभाग का लक्ष्य आगामी शैक्षणिक सत्र से एकेडमी में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत करना है। प्रस्तावित प्रशिक्षणों में इंडक्शन प्रोग्राम, रिफ्रेशर कोर्स, फैकल्टी डेवलपमेंट और क्षमता विकास से जुड़े अन्य कार्यक्रम शामिल होंगे।

यह एकेडमी महाराष्ट्र में संचालित स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी की तर्ज पर गठित की गई है। कंपनी अधिनियम के तहत गठित इस संस्था का उद्देश्य राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है।

फिलहाल एकेडमी का अस्थायी कार्यालय रांची के नामकोम स्थित झारखंड तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालयों, अंगीभूत महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थाओं के शिक्षकों, कर्मचारियों और पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देकर उनकी दक्षता और क्षमता का विकास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *