वोटर कार्ड में सरनेम या नाम की गलती अब घर बैठे होगी ठीक, बीएलओ करेंगे सत्यापन
यदि मतदाता पहचान पत्र में सरनेम दर्ज नहीं है या नाम की स्पेलिंग में त्रुटि है, तो मतदाताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और आवश्यक सुधार करेंगे। मतदाताओं को केवल नाम सुधार के लिए शैक्षणिक प्रमाण पत्र या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
जिले में अब तक इस प्रकार की त्रुटियों वाले लगभग 2.24 लाख मतदाताओं की पहचान की जा चुकी है। प्रशासन विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत इन सभी मामलों को ठीक करने की दिशा में काम कर रहा है।
इस बीच, चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि को 6 फरवरी से बढ़ाकर 6 मार्च कर दिया है। इस अतिरिक्त एक माह की अवधि में प्रशासन न केवल दावे और आपत्तियां स्वीकार करेगा, बल्कि सरनेम मिसमैच और नाम की स्पेलिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान देगा।


