मंदसौर के बालोदा में कंजर गिरोह का आतंक, चोरी के प्रयास में बुजुर्ग को गोली मारी, ग्रामीणों पर भी की फायरिंग

3.0kViews
1162 Shares

मंदसौर जिले के गरोठ थाना इलाके के बालोदा गांव में रविवार देर रात एक कंजर गिरोह ने घुसपैठ करते हुए चोरी का प्रयास किया। बदमाशों ने ट्रैक्टर चोरी करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस दौरान उन्होंने टेंट की दुकान में सो रहे एक बुजुर्ग को गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले।

घायल बुजुर्ग गणपतलाल को गंभीर हालत के चलते मंदसौर से रतलाम रेफर कर दिया गया है। उधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

जानकारी के मुताबिक कंजर गिरोह के बदमाश जब टेंट की दुकान पर पहुंचे तो खटपट की आवाज सुनकर वहां सो रहे 62 वर्षीय गणप‍त लाल सेन उठ गए। यह देख बदमाशों ने उन पर गोली चला दी जो उनके पेट में लगी। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, तो बुजुर्ग को घायल अवस्था में लहूलुहान पड़ा देखा। इसके बाद उन्हें गरोठ अस्पताल ले जाया गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दरबार गोपालसिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रैफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *