नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को पाकिस्तान की एक मस्जिद में हुए विस्फोट पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना ने दिखा दिया है कि लोग ऐसे रास्ते पर चल पड़े हैं जो उन्हें जहन्नुम की ओर ले जा रहा है।
कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब मस्जिदों के अंदर भी धमाके हो रहे हैं। इससे पता चलता है कि हम अल्लाह से कितनी दूर चले गए हैं, हम उस रास्ते पर चल रहे हैं जो हमें जहन्नुम की आग में ले जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री दक्षिण कश्मीर के पंपोर कस्बे में मोहम्मद रियाज हमदानी की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पूरा मुस्लिम विश्व इस समय अराजकता और हिंसा की चपेट में है। पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित किए जाने के सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तर्ले उपनगर स्थित खदीजतुल कुबरा मस्जिद में एक 32 वर्षीय आत्मघाती हमलावर ने उस समय विस्फोट कर दिया, जब लोग साप्ताहिक नमाज अदा कर रहे थे।
इस हमले में पहले 31 लोगों की मौत और 169 के घायल होने की पुष्टि हुई थी, हालांकि बाद में अस्पतालों में इलाज के दौरान कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों के दम तोड़ने से मृतकों की संख्या बढ़कर 36 हो गई। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट इन पाकिस्तान ने ली है।


