आजमगढ़ में केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध बनाने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, तरीका जानकार हो जाएंगे हैरान
देवगांव थाना की पुलिस ने केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध बनाते हुए आरोपित संतोष कुमार निवासी गोविन्दीगढ़ी, थाना सतरौली, जनपद एटा को गिरफ्तार किया है। सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र के मिर्जाआदमपुर स्थित काशी डेरी के प्रबंधक रजनीकांत मिश्र निवासी पुंडरीक का पुरा, थाना पिनहट, जनपद आगरा व अरविन्द शर्मा निवासी सियाना, जनपद बुलंदशहर ने सूचना दी कि क्षेत्र के सोफीपुर गांव में संतोष कुमार जो दूध का टैंकर टाटा-407 गोल्ड चलाता है और डेरी में दूध की आपूर्ति करता है।
आरोप लगाया कि वह अपने मकान मालिक प्रमोद राय निवासी सोफीपुर, थाना देवगांव के साथ मिल कर उसी के मकान में केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध बना रहा है। सूचना मिलते ही थाने के उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रवीण दुबे,अनिल कुमार यादव के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी एफएसओ राजीव कुमार सिंह, शीत सिंह, लालमणि यादव एवं खाद्या अधिकारी अनिल कुमार की संयुक्त टीम ने दबिश दी।
शाम चार बजे संतोष को केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध एवं अपमिश्रक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि मकान मालिक प्रमोद राय मौके से फरार हो गया। संतोष ने बताया कि वह प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार करता था। टैंकर से असली दूध निकालकर उसमें कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था।
बताया कि निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय स्वयं का बताकर काशी डेयरी में बेच देता था। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि मौके से बरामद दो सौ लीटर केमिकल युक्त दूध को नमूना लेने के बाद नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि पांच नमूना यहां से और एक नमूना शिकायत कर्ता के काशी डेरी से लेकर जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया है।


