हिमाचल में भारी बर्फबारी के बाद हिमस्खलन का खतरा, पांगी में बर्फ की नदी के वायरल वीडियो पर प्रशासन की एडवायजरी

2.0kViews
1407 Shares

 हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद हिमखंड गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। जिला चंबा के भरमौर में वीडियो बनाने गए दो लड़कों की बर्फीले तूफान में मौत और पांगी में हिमखंड गिरने के वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है। उपमंडल अधिकारी पांगी अमन दीप सिंह ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि हिमपात के दौरान फोटो शूट, वीडियोग्राफी, रील या ब्लाग बनाने जैसी गतिविधियों से पूर्णतया परहेज करें। ऐसी गतिविधियां न केवल स्वयं के जीवन के लिए अत्यंत घातक सिद्ध हो सकती हैं, बल्कि आपदा प्रबंधन कार्यों और आपातकालीन सेवाओं में भी बाधा उत्पन्न कर सकती हैं।

पांगी क्षेत्र में एक सप्ताह के बीच हुए भारी हिमपात के कारण हिमस्खलन (एवलांच) और ग्लेशियर खिसकने की आशंका बढ़ गई है।

उपमंडल अधिकारी ने कहा कि समस्त पांगी घाटी में व्यापक हिमपात हुआ है, जिस कारण कई क्षेत्रों में हिमस्खलन का गंभीर खतरा बना हुआ है। वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों व अन्य जोखिम भरे स्थानों के आसपास न जाने का आग्रह किया गया है।

आपात स्थिति में तुरंत करें सूचित

उपमंडल दंडाधिकारी ने आमजन से प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों को सूचित करने का आग्रह किया गया है, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *