गणतंत्र दिवस के जश्न के बीच मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल में मिड डे मील के दौरान बच्चों को थाली तक नसीब नहीं हुई और उन्हें रद्दी कागज पर खाना परोसा गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बच्चों को किताबों के फटे पन्नों और गंदे कागजों पर हलवा-पूरी दी गई। कागजों पर स्याही के निशान और दाग भी मौजूद थे। इस घटना ने न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है।
जैसे ही वीडियो सामने आया, जिला प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को इस तरह से खाना परोसना बेहद अमानवीय है और यह मिड डे मील योजना की मूल भावना के खिलाफ है।


