डिंडौरी में बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का वाहन रोका, जांच की मांग

1672 Shares

 डिंडौरी जिले के जनपद अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत परसेल के पोषक ग्राम पिंडरुखी में शनिवार शाम उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का वाहन रोककर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण गांव में हुए सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराज थे और मौके पर ही जांच कराने की मांग करने लगे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार विधायक ओमप्रकाश धुर्वे शाम करीब सात बजे पिंडरुखी गांव में प्रस्तावित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर उनका काफिला रोक दिया। वाहन रुकते ही ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जमकर नाराजगी जताई।

पहले भी की थी शिकायत

ग्रामीणों का कहना था कि गांव में बनी सीसी रोड में घटिया निर्माण किया गया है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई और जिला पंचायत में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा से नाराज होकर ग्रामीणों ने विधायक के सामने ही विरोध दर्ज कराया।

वीडियो में ग्रामीण विधायक से यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि वे स्वयं उसी खराब सड़क से होकर गुजरें, ताकि जमीनी हकीकत देख सकें। विरोध के चलते विधायक कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके और बिना भूमिपूजन किए वापस लौट गए।

विधायक बोले, ग्रामीणों की मांग जायज

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि वह क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं और ग्रामीण उन्हें नहीं रोकेंगे तो किसे रोकेंगे। उन्होंने ग्रामीणों की नाराजगी को जायज बताते हुए कहा कि जनता की समस्याएं सुनना और उनका समाधान कराना उनकी जिम्मेदारी है। विधायक ने सड़क निर्माण में हुई अनियमितताओं की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *