क्या होता अगर बॉलीवुड में बनती Titanic, जैक के तौर पर राजेश खन्ना को देख एक्साइटेड हुए फैंस
बीते कुछ समय से सोशल मीडिया पर एआई से बनाई तस्वीरें काफी ट्रेंड में रहती हैं। फैंस अपने पसंद के एक्टर की एआई से तस्वीर बनाकर शादी करवा देते हैं और आम दर्शक इसे सच मान लेते हैं। ऐसा ही कुछ मामला बीते दिनों रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा (Rashmika and Vijay) और मृणाल ठाकुर-धनुष (Mrunal Thakur-Dhanush) के साथ हुआ।
टाइटेनिक में किसे किया जाता कास्ट?
अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो ट्रेंड कर रही है जिसमें एआई की मदद से इसे तैयार किया गया है कि अगर टाइटेनिक (Titanic) इंडिया में बनी होती तो इसमें कौन एक्टर होता। रोज और जैक का किरदार केट विंसलेट और लियोनार्डो डिकैप्रियो ने निभाया था। इसके लिए बॉलीवुड में राजेश खन्ना और ऐश्वर्या राय की कास्टिंग की गई है।
AI की मदद से यूजर ने बनाई तस्वीरें
शैविक नाम के एआई आर्टिस्ट जिन्होंने इंस्टाग्राम पर हैलरॉकर नाम से अकाउंट बनाया है इस वीडियो को शेयर किया है। इसमें ऐश्वर्या राय रोज और राजेश खन्ना टाइटैनक के जैक के किरदार में नजर आ रहे हैं। वीडियो में जैक को पहली बार सूट में देखने के लिए रोज हॉलवे में प्रवेश कर रही है।
इसके अलावा टाइटैनिक का आईकॉनिक सीन जिसमें डेक पर खड़े होकर जैक और रोज बाहें फैलाकर खड़े हैं उसकी खूबसूरत याद दिला रहा है। रोज के किरदार में ऐश्वर्या राय बेहद खूबसूरत लग रही हैं। कई लोगों का कहना है कि वो असली हीरोइन केट विंसलेट से भी काफी खूबसूरत लग रही हैं।
राजेश खन्ना के साथ इस फिल्म में किया था काम
बता दें कि राजेश खन्ना ने 1960 के दशक से लेकर 1970 के दशक के मध्य तक बॉक्स ऑफिस पर राज किया। उन्हें बॉलीवुड का सुपरस्टार भी कहा जाता है। ऐश्वर्या ने उनसे तीन दशक बाद बॉलीवुड में एंट्री की। दोनों को लीड एक्टर साथ में कभी कास्ट नहीं किया गया। ऐश्वर्या ने 1997 में मणिरत्नम द्वारा निर्देशित तमिल फिल्म ‘इरुवर’ से डेब्यू किया था। हालांकि, दोनों अभिनेताओं ने 1999 में आई फिल्म ‘आ अब लौट चलें’ में साथ काम किया। ऋषि कपूर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राजेश ने अक्षय खन्ना के पिता का किरदार निभाया था।


