बिहार में ट्रेनों की बढ़ेगी रफ्तार, बेतिया–कुमारबाग रेलखंड दोहरीकरण की तैयारी अंतिम चरण में

1775 Shares

 समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा शनिवार को निरीक्षण के लिए बेतिया पहुंचे। डीआरएम का आगमन निरीक्षी ट्रेन से दोपहर 1:20 बजे बेतिया रेलवे स्टेशन पर हुआ।

स्टेशन पहुंचने के बाद डीआरएम ने अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर में बैठक की, जो दोपहर 2:38 बजे तक चली। बैठक के दौरान स्टेशन की यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों की प्रगति एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक के उपरांत डीआरएम ने स्टेशन के पूर्वी छोर पर बने फुट ओवर ब्रिज का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण क्रम में डीआरएम ने बरसात के मौसम में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए फुट ओवर ब्रिज पर एंटी-स्लीप व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या दो के बाहर यात्रियों के आवागमन के लिए बन रही सड़क का भी निरीक्षण किया। डीआरएम ने डिप्टी चीफ इंजीनियर अजय कुमार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूर्ण करने को लेकर निर्देश दिए।

इस पर डिप्टी चीफ इंजीनियर अजय कुमार ने डीआरएम को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

डीआरएम ने बताया कि वे बेतिया–कुमारबाग रेलखंड पर चल रहे रेलवे दोहरीकरण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने पहुंचे हैं। दोहरीकरण का कार्य पूर्ण होने पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी।

निरीक्षण के बाद डीआरएम व अन्य अधिकारी करीब तीन बजे कुमारबाग के लिए प्रस्थान कर गए। उनके साथ अधिकारी नंदलाल यादव, धर्मेंद्र कुमार एवं पंकज कुमार, स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव सहित रेल विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।

ट्रेन का प्लेटफार्म बदलने से अफरातफरी

डीआरएम के आगमन की पूर्व सूचना पर बेतिया रेलवे स्टेशन पर विशेष तैयारियां की गई थीं। स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और प्रवेश-निकास मार्गों को दुरुस्त किया गया, जिससे निरीक्षण के दौरान स्टेशन व्यवस्थित नजर आया। हालांकि निरीक्षण के समय एक बार फिर व्यवस्था में असमंजस देखने को मिला।

प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को कुछ समय के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा। यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में परेशानी हुई, वहीं कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति भी बनी रही।

बेतिया–कुमारबाग दोहरीकरण की तैयारी अंतिम चरण में

डीआरएम ने बताया कि बेतिया–कुमारबाग रेलखंड के बीच प्रस्तावित रेलवे दोहरीकरण कार्य को लेकर प्रशासनिक व तकनीकी स्तर पर तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान दोहरीकरण कार्य से पूर्व किए जाने वाले सभी आवश्यक कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कार्य प्रारंभ होने से पहले जिन प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं को पूरा किया जाना होता है, उनमें से अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

समीक्षा बैठक में डीआरएम ने यह भी स्पष्ट किया गया कि दोहरीकरण कार्य को शुरू करने से पूर्व जिन कमियों की पहचान की गई है, उन्हें शीघ्र दूर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।

साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने ने बताया कि दोहरीकरण कार्य के पूर्ण होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी, परिचालन क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *