आगरा: खंदौली में ट्रक और ऑटो की भिड़ंत, तीन की मौत, कई घायल
आगरा जिले के खंदौली क्षेत्र में नगला चंदन के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जबकि चार लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। एसीपी देवेश सिंह ने तीन लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक इतनी तेज गति से आ रहा था कि टक्कर के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़े। गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और घायलों का इलाज जारी है। ट्रक चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाए।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


