हापुड़ में घर के बाहर युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, शराब के अत्यधिक सेवन से मौत की आशंका

1794 Shares

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उसके घर के बाहर मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अत्याधिक शराब का सेवन करने से मौत होने का दावा कर रही है। उधर, स्वजन ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।

गांव उपैड़ा के कुछ ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह सोनू (28 वर्ष) का शव उसके घर के बाहर पड़ा देखा। उन्होंने मामले की सूचना उसके स्वजन को दी। जिसके बाद स्वजन बाहर आए और शव से लिपटकर विलाप करने लगे।

जांत में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक की टीम

मृतक के भाई सुधीर ने तत्काल डायल-112 पर काल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेर कर जांच शुरू की। पुलिस ने फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की सूक्ष्म जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इससे हत्या की आशंका फिलहाल कम नजर आ रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि सोनू शराब का अत्यधिक सेवन करता था।

आशंका जताई जा रही है कि घर के बाहर पहुंचने पर उसे उल्टी हुई, जिसके बाद वह वहीं गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और स्वजन से भी पूछताछ कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *