निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने फर्जी शिक्षकों का जांच अभियान तेज कर दिया है। निगरानी पुलिस निरीक्षक लाल मोहम्मद ने रविवार को एक साथ बांका के चार थाना में 10 फर्जी शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
इसकी खबर से जिला में हड़कंप मच गया है। सदर थाना बांका में दो शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। जबकि अमरपुर थाना में सबसे अधिक आधा दर्जन फर्जी शिक्षकों को पकड़े जाने पर केस दर्ज कराया गया है।
एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही निगरानी ने इसमें कुछ शिक्षकों की गिरफ्तारी कर ली है। बांका थाना में एसएस बालिका स्कूल के शिक्षक उच्च माध्यमिक शिक्षक रामशरण चौधरी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
रामशरण पिछले मार्च को ही भूगोल शिक्षक के पद से सेवानिवृत हो चुके हैं। वे अलीगंज निवासी हैं तथा बांका नगर परिषद उच्च माध्यमिक शिक्षक के रूप में वर्षों से काम कर रहे थे।
दूसरी प्राथमिकी बांका प्रखंड के प्रोन्नत मध्य विद्यालय लीलावरण की शिक्षिका रीता देवी के खिलाफ दर्ज की गई है। वह जगाय गांव निवासी सीताराम यादव की पुत्री है। वह अपने मायके के ही पंचायत डांड़ा में पंचायत शिक्षिका थी। वह 2005 से ही शिक्षक बनकर नौकरी कर रही थी। उसका इंटर का झारखंड से जारी प्रमाण पत्र फर्जी निकला है।
वहीं अमरपुर थाना में प्रोन्नत मध्य विद्यालय गोपालपुर के शिक्षक महेश कुमार भगत के खिलाफ केस किया गया है। महेश भगत अमरपुर प्रखंड नियोजन इकाई से 2006 में बहाल होकर शिक्षक की नौकरी कर रहे थे। उनका महाराष्ट्र से जारी सीपीएड का प्रमाण पत्र फर्जी निकला है। महेश नाथनगर निवासी गया प्रसाद भगत के पुत्र हैं।
अधिकतर का सीपीएड प्रमाण पत्र निकला फर्जी
अमरपुर का दूसरा केस मध्य विद्यालय चपरी की शिक्षिका वंदना कुमारी के खिलाफ किया गया है। वंदना भी 20 साल से महाराष्ट्र के फर्जी सीपीएड प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रही थी। तीसरी प्राथमिकी प्रोन्नत मध्य विद्यालय कुल्हड़िया के शिक्षक अजय कुमार भगत के खिलाफ दर्ज कराई गई है। अजय भगत मधेपुरा सोनामुखी निवासी सत्यनारायण भगत का पुत्र है।
अजय भगत भी 2006 से ही महाराष्ट्र के फर्जी सीपीएड प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहा था। अगली प्राथमिकी प्रोन्नत मध्य विद्यालय इंद्रसेना की प्रखंड शिक्षिका प्रेमलता कुमारी के खिलाफ दर्ज किया गया है।
प्रेमलता धोरैया पैर निवासी महेंद्र प्रसाद सिंह की पुत्री है। पांचवां केस मध्य विद्यालय भीखनपुर के शिक्षक राजीव मंडल के खिलाफ दर्ज की गई है। राजीव मंडल शंभुगंज प्रखंड के गिरधारा कमरडीह निवासी रामसेवक मंडल का पुत्र है।
अमरपुर का अंतिम एफआईआर मध्य विद्यालय भदरिया के शिक्षक देवकीनंदन मिश्र के खिलाफ दर्ज की गई है। वह सलेमपुर निवासी रामनारायण मिश्र का पुत्र है। अमरपुर के सभी छह शिक्षक का सीपीएड प्रमाण पत्र फर्जी है।
इसके अलावा सूईया और बेलहर में एक-एक फर्जी शिक्षक पकड़ा गया है। सूईया में केस दर्ज करने के साथ ही शिक्षक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।


