हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति में चंद्रा नदी के किनारे मस्ती करना सैलानियों को भारी पड़ गया। नदी में पैर फिसलने के कारण पर्यटक नदी में बह गया। लेकिन गनीमत रही कि कुछ ही दूरी पर वह पत्थर के पास फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे देख लिया और उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर नदी से बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है पर्यटक बुंदेलखंड का निवासी है, जिसे सुरक्षित बचा लिया गया है।
रस्सी के सहारे चलाया रेस्क्यू
स्थानीय लोगों व अन्य पर्यटकों ने तुरंत हरकत में आते हुए रस्सी के सहारे युवक को रेस्क्यू कर लिया। पानी का बहाव काफी तेज था। कुछ लोग साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर पर्यटक तक पहुंचे व जान जोखिम में डालकर उसे बाहर निकाल लिया।
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद जोखिम उठा रहे पर्यटक
लाहुल स्पीति प्रशासन बार-बार लाउड स्पीकर के माध्यम से पर्यटकों को नदी से दूर रहने का आग्रह कर रहा है, लेकिन खतरे से अनजान पर्यटक नदी की ओर खींचे चले जा रहे हैं।
नदी के बीच मस्ती कर रहे थे पर्यटक
सोमवार को भी पर्यटक चंद्रा नदी में मस्ती कर रहे थे कि अचानक एक युवक का पांव फिसला और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। स्थानीय लोग यदि हिम्मत न दिखाते तो कोई हादसा भी हो सकता था। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पर्यटक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।


