मीरजापुर में शादी के दिन दूल्हे की नहर में डूबने से मौत, मंगलगीत मातम में बदले

1992 Shares

शादी के दिन ही दूल्हे की मौत से मंगल गीत मातम में बदल गए। बरात ले जाने की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गई। क्षेत्र के निनवार गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार सिंह की गुरुवार की शाम को बरात निकलने वाली थी, लेकिन सुबह बाजार जाते समय बाणसागर नहर में बाइक से अनियंत्रित होकर गिरने से डूबकर दूल्हे की मौत हो गई।

बच्चों ने बाइक का नंबर देख स्वजन को सूचना दी तो घर में गाए जा रहे मंगलगीत और शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। इसके बाद स्वजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से निकालकर सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

गांव निवासी 27 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार पटेल व उनके भाई उपेंद्र कुमार का तिलकोत्सव बुधवार को संपन्न हुआ। घर में रिश्तेदार जुटे थे और महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। पुष्पेंद्र की बरात पांच फरवरी गुरुवार की शाम पांच बजे प्रयागराज के कोरांव क्षेत्र के गाढ़ा गांव में जानी थी। वहीं भाई उपेंद्र की नौ फरवरी को बरात जानी थी। इस दौरान शादी का कुछ सामान लेने के लिए पुष्पेंद्र कुमार सुबह बाइक से बाजार जा रहे थे।

गांव के पास ही सामने से आ रहे पिकअप से बचने के दौरान बाइक के अनियंत्रित होने से बाणसागर नहर में गिर गए और डूूब गए। घटना की जानकारी तब हुई जब गांव के बच्चों ने नहर में गिरी उनकी बाइक देखे शोर मचाया। नंबर के आधार पर घरवालों को सूचना दी गई।

स्वजन व रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो बाइक को देख नहर पुष्पेंद्र की तलाश शुरू कर दिया। कुछ देरबाद पुष्पेंद्र के अचेतावस्था में पानी में मिलने पर निकालकर तत्काल सीएचसी ले जाया गया। वहां उसे डाक्टरों के मृत घोषित करने पर स्वजन जिंदा होने की उम्मीद में लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे। वहां भी चिकित्सकों ने मृत होने की पुष्टि की तो सभी रोने-बिलखने लगे।

इस संबंध में थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजन का सौंप दिया गया है। पुष्पेंद्र दो भाइयों में बड़ा था। घटना की जानकारी होने पर लड़की के घर वाले भी पुष्पेंद्र के घर पहुंचे। शाम को शव का शिवपुर गंगाघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *