बलरामपुर में डीसीएम और ई-रिक्शा की टक्कर, 2 की मौत और 3 गंभीर घायल
बलरामपुर जिले के गौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जैतापुर–बेल्हा मार्ग पर पिपरा बिशुनपुर गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक दोनों सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गागापुर गांव के निवासी थे। वहीं, घायल लोग भी इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, गागापुर गांव निवासी कुछ लोग गुरुवार को पचपेड़वा थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक कराने गए थे। रात करीब 9 बजे वे सभी ई-रिक्शा से लौट रहे थे। इसी दौरान जैतापुर–बेल्हा मार्ग पर पिपरा बिशुनपुर गांव के पास सामने से आ रहे डीसीएम ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। गंभीर घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।


