चुनार थाना क्षेत्र के चौकी चक गम्भीरा के समुदवा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। गांव निवासी 50 वर्षीय चालक महानन्द ट्रैक्टर के साथ धान दराई करने वाली मशीन लेकर कुसमी गांव पहुंचे थे। वहां जंग बहादुर के खेत में उन्होंने धान की दराई शुरू की।
काम के दौरान महानन्द ने गले में रुमाल पहन रखा था। जब वह धान की बोरी उठाकर मशीन में भर रहे थे, तभी अचानक रुमाल मशीन में फंस गया। देखते ही देखते हादसा इतना गंभीर हो गया कि उनकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। घटना स्थल पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना तुरंत परिजनों को दी गई। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। चौकी प्रभारी हरिशंकर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
यह हादसा ग्रामीणों के लिए बेहद स्तब्ध कर देने वाला रहा। खेतों में काम करने वाले लोगों ने कहा कि मशीनों के साथ काम करते समय सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।


