पुलिस ने चोरी और फाइनेंस पर लिए गए ट्रकों समेत अन्य वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर में हेराफेरी कर उन्हें बेचने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में मदरसे के कारी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए अरुणाचल प्रदेश में वाहनों का पंजीकरण कराता था।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस ने बुढ़ाना क्षेत्र में खतौली तिराहे के पास से ट्रक में सवार मेहरबान अली उर्फ कारी और अफजाल को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित मुहल्ला शाहघासी दरवाजा, झिंझाना, थाना क्षेत्र शामली के निवासी हैं। मेहरबान अली झिंझाना स्थित एक मदरसे में कारी के रूप में कार्यरत है।
आरोपितों से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भसाना शुगर मिल के पास से तीन अन्य ट्रक और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल पांच लाख रुपये नकद, चार ट्रक और दो बाइक बरामद की हैं। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


