जम्मू-कश्मीर के नरवाल कुंजवानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सैनिक कॉलोनी के पास शुक्रवार देर रात पुलिस ने एक संदिग्ध ट्राले को रोककर बड़ी कार्रवाई की। ट्राले में करीब 56 मवेशी अमानवीय तरीके से रस्सियों से बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर लिया है और अब उसके मालिक तथा फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सैनिक कॉलोनी पुलिस पोस्ट ने इस ट्राले को रोका। तलाशी के दौरान मवेशियों की हालत देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। सभी जानवर रस्सियों से कसकर बांधे गए थे और उन्हें बेहद क्रूरता के साथ ट्राले में ठूंसकर रखा गया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस दौरान ट्राला चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, बरामद मवेशियों को पशु चिकित्सकीय जांच के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। ट्राले के मालिक और चालक की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर से पशु तस्करी और क्रूरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और उम्मीद जताई कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


