हिमाचल में डीएलएड सीटें भरने को 4 फरवरी से काउंसिलिंग, शिक्षा बोर्ड ने जारी किया शेड्यूल; ये दस्तावेज जरूर लाएं साथ

2.0kViews
1278 Shares

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों में डीएलएड सत्र 2025-2027 की रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग होगी। बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने जानकारी दी कि प्रथम चरण के बाद अभी भी कुल 697 सीटें खाली हैं। इनमें 321 अनुदानित और 376 गैर-अनुदानित सीटें शामिल हैं, जिन्हें योग्यता सूची के आधार पर भरा जाना है।

अंकों के आधार पर बुलावा

काउंसलिंग प्रक्रिया बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगी। प्रथम
राउंड 4 से 7 फरवरी तक चलेगा, जिसमें पहले दिन 44 या उससे अधिक अंक वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसके बाद क्रमशः 41-43, 38-40 और 35-37 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भाग लेंगे।

10 फरवरी से होगा अगला राउंड

यदि इसके बाद भी सीटें शेष बचती हैं, तो 10 से 12 फरवरी तक द्वितीय राउंड आयोजित होगा,
जिसमें न्यूनतम 27 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों तक को अपनी दावेदारी पेश करने का अवसर मिलेगा।

दस्तावेजों की तैयारी है अनिवार्य

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध बायोडाटा फॉर्म
भरकर ही मुख्यालय पहुंचें। साथ ही, दसवीं व जमा-दो की अंकतालिका, हिमाचली मूल निवासी प्रमाण पत्र और आरक्षित श्रेणी से संबंधित मूल दस्तावेजों व उनकी प्रमाणित छायाप्रतियों को साथ लाना अनिवार्य है। ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और पूर्व सैनिकों के आश्रितों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापित शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

महत्वपूर्ण चेतावनी

सीटों का आवंटन योग्यता के आधार पर केवल एक बार ही किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों
को सलाह दी गई है कि वे संस्थान का चयन सोच-समझकर करें। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि यदि सीटें पहले भर जाती हैं, तो काउंसलिंग प्रक्रिया उसी दिन समाप्त कर दी जाएगी। किसी भी प्रकार की दुविधा की स्थिति में अभ्यर्थी बोर्ड के दूरभाष संख्या 01892-242192 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *