मतदाता सूची में नए वोटर जोड़ने के लिए शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले में एक ही दिन में लगभग 26 हजार लोगों के फार्म छह भरवाए गए। इस तरह मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कुल 1.73 लाख नए मतदाताओं के फार्म भरवाए जा चुके हैं। छह जनवरी को प्रकाशित कच्ची मतदाता सूची तक एक लाख तीन हजार नए मतदाता जोड़े गए थे, जबकि इसके बाद 29 जनवरी तक 42 हजार नए मतदाताओं के आवेदन कराए गए।
जनपद के सभी बूथों पर बीएलओ तथा उनके सहयोग में लगाए गए कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नए मतदाताओं के फार्म भरवाए। इसको लेकर बूथों पर मतदाताओं का उत्साह भी देखा गया। सेंट अंथोनी बूथ पर पद्मा गोस्वामी अपनी रिया को मतदाता बनवाने के लिए लेकर पहुंची। बीएलओ सुभाष कुमार पाल ने उन्हें कुर्सी पर बैठाया और फिर फार्म छह भरवाकर जमा किया। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और एसडीएम सदर अभिषेक सिंह ने निरीक्षण किया।
कर्नलगंज में शिवानी चौधरी, शिवांगी चौधरी व प्रशांत घोष भी नए मतदाता के लिए फार्म जमा किया। दरभंगा कालोनी में सिरमनप्रीत कौर, गंगदीप कौर के फार्म को बीएलओ ज्ञानेन्द्र कुमार द्विवेदी ने जमा कराया। वहीं केसर विद्यापीठ में नए मतदाता के रूप में अरहम, संयोग केशरवानी ने भी फार्म जमा किया।
खास-खास
– 5 लाख के करीब नए मतदाता जोड़ने का जिले में रखा गया है लक्ष्य
– 6 फरवरी तक ही वोटर जोड़ने-हटाने व संशोधन का हो सकेगा कार्य
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा ने बताया कि एक दिन के इस अभियान में लगभग 26 हजार नए मतदाताओं के फार्म जमा कराए गए। शहरी विधानसभा क्षेत्रों इलाहाबाद पश्चिम, इलाहाबाद दक्षिण व इलाहाबाद उत्तर में सबसे ज्यादा नए फार्म भरवाए गए। इसके बाद घर-घर जाकर बीएलओ नए मतदाता बनाने का कार्य करेंगे। छह फरवरी तक नए मतदाता बनाने के लिए फार्म जमा कराए जाएंगे। इसके साथ ही नाम हटवाने, नाम में संशोधन कराने के भी फार्म इस अवधि तक जमा होंगे।
फार्म-छह भरने के लिए दस्तावेज और शर्तें
– एक जुलाई 1987 से पहले जन्म : निर्वाचन आयोग द्वारा तय 13 वैध दस्तावेजों में से कोई एक आवश्यक।
– एक जुलाई 1987 से दिसंबर 2004 के बीच जन्म : स्वयं का दस्तावेज के साथ ही माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज।
– वर्ष 2004 के बाद जन्म : स्वयं व माता-पिता दोनों के दस्तावेज आवश्यक।


