दिल्ली-देहरादून हाईवे पर घने कोहरे से दर्जनों वाहन भिड़े, बड़ा हादसा टला

2.0kViews
1482 Shares

कई दिनों की धूप के बाद शनिवार सुबह अचानक घना कोहरा छा गया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण दिल्ली-देहरादून हाईवे पर नंगली गेट के पास एक के बाद एक दर्जनों वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

सभी वाहन मेरठ से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और पीछे से आने वाले वाहनों को टोल पर रोक दिया। दूसरी साइड से वाहनों को निकालकर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में लगवाया। इनमें से तीन वाहन खतौली मंडी जा रहे थे, जिनमें एक गाड़ी में अमरूद और दूसरी में मटर भरी हुई थी। हादसे में वाहन चालकों को मामूली चोटें आई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोहरे के कारण हाईवे पर दृश्यता इतनी कम थी कि वाहन चालकों को आगे का रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में वाहन धीमी गति से चलाएं और हेडलाइट व इंडिकेटर का प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *