कानपुर में शनिवार को क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास दिन रहा। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के कारण विश्व क्रिकेट टी20 ट्रॉफी टूर बर्रा स्थित केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल पहुंचा। यहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों ने ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया।
स्कूल परिसर में गूंज रही “इंडिया-इंडिया” की आवाज और टीम इंडिया के समर्थन में लिखे गए शुभकामना संदेशों ने माहौल को जोशीला बना दिया। क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया के फिर से विश्व विजेता बनने की प्रार्थना की।
ट्रॉफी टूर में स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ कुलदीप यादव का परिवार और शहर के क्रिकेट प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इससे पहले ट्रॉफी धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह के शहर अलीगढ़ से कानपुर पहुंची।
कार्यक्रम में ट्रॉफी का स्वागत कुलदीप यादव के पिता राम सिंह और अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर चुके खिलाड़ियों ने किया। इस दौरान क्रिकेट से जुड़े क्विज का आयोजन भी हुआ। स्कूली छात्र-छात्राओं से क्रिकेट से जुड़े प्रश्न पूछे गए और सही उत्तर देने वालों को विश्व कप की जर्सी और कैप भेंट की गई।


