हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने शुक्रवार को रोहतक जिले का पहली बार दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों, पुलिसिंग की गुणवत्ता और आमजन की अपेक्षाओं पर गहन चर्चा की।
डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण को पुलिसिंग का अहम आधार माना गया है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों के लिए ईएमआई पर सस्ते फ्लैट और मकान दिलवाने की योजना पर काम किया जा रहा है, ताकि जवानों को बेहतर जीवन सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों के सम्मान, सुरक्षा और भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए योजनाबद्ध और संवेदनशील तरीके से कार्य किया जा रहा है।
डीजीपी ने जानकारी दी कि एचडीएफसी बैंक के सहयोग से लागू एक्स-ग्रेशिया योजना के तहत अब तक लगभग 300 करोड़ रुपये की सहायता राशि पुलिसकर्मियों के परिजनों को प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने इसे पुलिस बल के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


