प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को भनवापुर ब्लॉक के सोहना स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित शोध, प्रशिक्षण और प्रदर्शन गतिविधियों की समीक्षा की और कृषि विज्ञानियों से संवाद किया।
कृषि मंत्री ने किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों के प्रति निरंतर जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को चाहिए कि वे कृषि विज्ञान केंद्र के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकों को अपनाएं और जैविक व रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करें।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सबसे पहले केंद्र के खरैला स्थित फार्म का भ्रमण किया और प्रदर्शन क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने कालानमक धान, कालगट्टा, मखाना उत्पादन सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हित में अनेक योजनाएं चला रही है। कृषि विज्ञान केंद्र वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से किसानों की लागत घटाकर उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाएं और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक पद्धतियों को अपनाएं।


