रसलपुर गांव में जमीन विवाद ने ली दो जानें, फायरिंग में महिला और ग्रामीण की मौत

1236 Shares

पटना जिले के रसलपुर गांव में शुक्रवार सुबह महज छह इंच जमीन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान भतीजे ने फायरिंग कर अपनी चाची और एक ग्रामीण की हत्या कर दी, जबकि महिला का बेटा गोली लगने से घायल हो गया।

घटना सुबह करीब सात बजे हुई। मृतकों की पहचान रसलपुर निवासी राजमंत्री देवी (50 वर्ष), पत्नी श्रवण प्रसाद और गांव के देव सागर प्रसाद के रूप में हुई है। फायरिंग में राजमंत्री देवी का पुत्र राजन प्रसाद भी घायल हो गया, जिसके हाथ में गोली लगी। उसे प्राथमिक इलाज के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार, फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी की तलाश

पुलिस के अनुसार, फायरिंग का आरोप राजकुमार प्रसाद के पुत्र शिवम पर है। घटना के बाद से आरोपी और उसके परिजन फरार हैं। पुलिस ने आरोपी के घर से दो कट्टा, एक तलवार, एक बाइक और एक खोखा बरामद किया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

वर्षों पुराना विवाद

ग्रामीण एसपी ने बताया कि श्रवण प्रसाद और उसके भाई राजकुमार प्रसाद के बीच छह इंच जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह श्रवण प्रसाद विवादित जमीन पर पिलर करा रहे थे। इसी दौरान राजकुमार का पुत्र वहां पहुंचा और निर्माण रोकने को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया।

गांव में अफरातफरी

ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग घरों से निकलकर घटनास्थल पर पहुंचे तो महिला का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आरोपी भीड़ देखकर मौके से फरार हो गया।

SIT गठित

पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए फतुहा डीएसपी के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की है। फिलहाल परिजनों ने थाना में आवेदन नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *