लुधियाना में एक लग्जरी कारों के शोरूम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अनुज मसीह (25) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अनुज को गोली गर्दन के पास लगी, जिससे उसकी हालत मौके पर ही गंभीर हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
मामला मुल्लांपुर दाखा क्षेत्र का है, जहां एक लक्जरी कारों के शोरूम मालिक को कुछ दिन पहले गैंगस्टरों द्वारा जबरन वसूली की धमकियां मिली थीं। इसी कारण एहतियातन पुलिस सुरक्षा तैनात की गई थी। अनुज मसीह भी इसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत वहां ड्यूटी पर लगाया गया था।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शोरूम मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि धमकियों के बाद से शोरूम पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, लेकिन कांस्टेबल की मौत ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे गैंगस्टरों का हाथ है या कोई अन्य कारण।
मृतक अनुज मसीह के परिवार को सूचना दे दी गई है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों को जल्द ही बेनकाब किया जाएगा।


