जब भी हम नया लैपटॉप खरीदते हैं, तो सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि पुराने लैपटॉप का सारा जरूरी डेटा सुरक्षित तरीके से नए लैपटॉप में कैसे ट्रांसफर किया जाए। इसमें फोटो, वीडियो, आफिस फाइल्स, प्रोजेक्ट्स, ईमेल, ब्राउजर पासवर्ड, सॉफ्टवेयर और कई जरूरी डाक्यूमेंट्स सेव रहते हैं। अगर डेटा ट्रांसफर सही तरीके से न किया जाए, तो फाइल्स खोने के साथ-साथ प्राइवेसी का भी खतरा हो सकता है। इसलिए डेटा ट्रांसफर की प्रक्रिया को समझना बहुत जरूरी है।
डेटा ट्रांसफर से पहले तैयारी जरूरी
डेटा ट्रांसफर सिर्फ फाइल कॉपी-पेस्ट करने का काम नहीं है। पुराने लैपटॉप में उपयोगी फाइलें और कई अन्य पर्सनल जानकारियां सेव होती हैं। अगर डेटा सही तरीके से ट्रांसफर नहीं हुआ, यह खो सकता है या आपकी प्राइवेसी खतरे में पड़ सकती है। सबसे पहले पुराने लैपटॉप को अच्छे से चेक करें कि वह ठीक से काम कर रहा है या नहीं। फिर सिस्टम को एंटीवायरस से स्कैन करें, ताकि कोई वायरस या मैलवेयर नए लैपटॉप में न पहुंच जाए। इसके बाद तय करें कि कौन-सी फाइलें जरूरी हैं और कौन-सी बेकार।


