प्रदेश की राजधानी लखनऊ और प्रयागराज के बीच संचालित दैनिक यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी ट्रेन गंगा गोमती एक्सप्रेस में लगने वाले एकमात्र एसी चेयर कार कोच को भी रेलवे ढंग से नहीं रख पा रहा है। शनिवार को प्रयागराज से लखनऊ जा रही गंगा गोमती एक्सप्रेस को तकनीकी खराबी के कारण रायबरेली में रोकना पड़ा।
ट्रेन के एसी चेयर कार कोच में तकनीकी खामी आ जाने के कारण शनिवार को उसे कुछ देर के लिए रायबरेली रेलवे स्टेशन पर निर्धारित समय से अधिक के लिए रोकना पड़ा। एसी कोच में खराबी की सूचना पर कैरिज एवं वैगन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खराबी दूर करने के बाद उसे आगे की ओर रवाना कर दिया गया।
ट्रेन निर्धारित समय पर रायबरेली रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान एक बोगी में एसी सही ढंग से कार्य न करने की जानकारी मिली। यह जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद कैरिज एवं वैगन विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया।मरम्मत के दौरान ट्रेन कुछ देर स्टेशन पर खड़ी रही। कैरिज एवं वैगन विभाग के इंचार्ज एके यादव का कहना है कि तकनीकी खामी आई थी, जिसे समय रहते ठीक करा दिया गया।
मालगाड़ी के 15 वैगन में लटकती मिली पल्ली, रोकी गई
प्रतापगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी के 15 वैगन में पल्ली लटकती दिखने पर कर्मचारियों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिस पर सुरक्षा के मद्देनजर मालगाड़ी को स्टेशन पर कुछ देर के लिए रोक दिया गया। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान मालगाड़ी के कई बोगियों में एक हिस्से में पल्ली लटकी मिली, जिससे संचालन में खतरा होने की आशंका थी। कर्मचारियों ने पल्ली हटाकर संबंधित बोगियों की जांच की। इसके चलते कुछ देर तक मेन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि मालगाड़ी के बोगियों में पालीथिन की पल्ली लटक रही थी, जिसे टीम ने हटवा दिया गया। उसके बाद ट्रेन को आगे रवाना करा दिया गया है।


