लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी आरसीसी सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो जाने से परेशान यात्रियों को राहत मिलने लगी है। करीब छह साल पहले बनी इस सड़क पर कई स्थानों पर आरसीसी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। इसके कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, वहीं कई वाहन चालकों के टायर भी क्षतिग्रस्त हो रहे थे।
इस समस्या को लेकर रामकुमार सिंह, मनोज पांडेय, मनीष सिंह और सुबोध यादव ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के बाद एनएचएआई ने संज्ञान लेते हुए सोमवार से सड़क मरम्मत कार्य शुरू करा दिया।
फिलहाल एनएचएआई की टीम लोहरामऊ क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत में जुटी हुई है। कार्यस्थल पर मौजूद मेट दर्शन सिंह ने बताया कि सड़क की एक लेन का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि दूसरी लेन का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एनएचएआई के सहायक महाप्रबंधक प्रवीन कटियार ने बताया कि जल्द ही सड़क पर बने सभी गड्ढों को भरकर यातायात सुचारु कर दिया जाएगा।


