बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में उद्योगों के विस्तार के लिए पुलिस से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को अब केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि विकास की प्रक्रिया में भी सहभागी बनना होगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन में ध्वजारोहण के बाद पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की मजबूत नींव रखी है और इसे बनाए रखना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है।
पुलिस की भूमिका पर जोर सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस को और सख्ती से कार्रवाई करनी होगी, न्याय दिलाने की प्रक्रिया को तेज करना होगा और विकास में भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने गांव-गांव तक बिजली, सड़क और पानी पहुंचा दिया है। अब राज्य में उद्योगों का जाल बिछाना जरूरी है ताकि राजस्व का सृजन हो सके।
बिहार की आर्थिक प्रगति उन्होंने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि एक समय बिहार का बजट मात्र छह हजार करोड़ रुपये का हुआ करता था, जिसमें 87 प्रतिशत राशि झारखंड से रॉयल्टी के रूप में आती थी। आज बिहार पूरी तरह बदल चुका है और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। केवल जीएसटी से ही लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की आमदनी हो रही है।
पिछले वर्ष बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का था और इस बार इससे भी बड़ा बजट आने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब लक्ष्य राज्य को और अधिक समृद्ध बनाना है, जिसके लिए पुलिस पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाने होंगे।
पुलिस व्यवस्था को मजबूती उन्होंने बताया कि सरकार पुलिस व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है। भर्तियां जारी हैं और अगले छह महीनों में राज्य में पुलिसकर्मियों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक हो जाएगी।


