जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिनमें सामाजिक और विकासात्मक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
ध्वजारोहण और परेड निरीक्षण ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने गुब्बारे छोड़कर शांति का संदेश दिया। इसके बाद एसपी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में परेड का निरीक्षण किया गया। मंच से गुजरते हुए पुलिसकर्मियों के अलग-अलग दलों ने अपने शौर्य और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
अन्य स्थानों पर समारोह मंडलायुक्त विवेक ने कमिश्नरी भवन पर, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट भवन पर और सीडीओ परीक्षिति खटाना ने विकास भवन पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया, जिससे समारोह और अधिक भावुक और प्रेरणादायी बन गया।


