राजस्थान की एक जेल में शुरू हुई प्रेम कहानी अब शादी के मंडप तक पहुंच गई है। अलग-अलग हत्या के मामलों में सजा काट रहे प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद जल्द ही वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे हैं।
प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद की मुलाकात जयपुर की सांगानेर ओपन जेल में हुई थी। जेल में रहते हुए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। अब दोनों को अलवर जिले के बरोदामेव में शादी करने के लिए राजस्थान हाई कोर्ट से 15 दिन की इमरजेंसी पैरोल मंजूर की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद आज शुक्रवार, 23 जनवरी को विवाह करेंगे। कोर्ट से मिली अस्थायी रिहाई के बाद दोनों शादी की रस्में पूरी करेंगे।
गौरतलब है कि हनुमान प्रसाद पांच लोगों की हत्या के मामले में जेल में बंद है। उस पर चार बच्चों और एक युवक की हत्या का आरोप है। वहीं प्रिया सेठ को भी अपने प्रेमी की हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है।


