बिहार में अवैध बालू खनन पर लगेगा तकनीक का पहरा, बॉर्डर चेकपोस्ट पर लगेंगे एएनपीआर सिस्टम
बिहार में अवैध बालू खनन और उसके परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खान एवं भूतत्व विभाग ने तकनीक आधारित कड़े कदम उठाने का फैसला किया है। इसके तहत राज्य की सीमाओं पर स्थित प्रमुख बॉर्डर चेकपोस्टों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) प्रणाली स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
इस नई व्यवस्था का मकसद पड़ोसी राज्यों से बिहार में होने वाली अवैध बालू की आवाजाही पर रोक लगाना और खनिज परिवहन की पारदर्शी तथा सटीक निगरानी सुनिश्चित करना है।
एएनपीआर प्रणाली के जरिए चेकपोस्ट से गुजरने वाले हर बालू लदे वाहन की नंबर प्लेट स्वतः स्कैन की जाएगी। यह डेटा सीधे खान एवं भूतत्व विभाग के केंद्रीय सर्वर से जुड़ा रहेगा, जिससे वाहन के पंजीकरण, ई-चालान, परमिट और तय समय-सीमा की डिजिटल माध्यम से तत्काल जांच की जा सकेगी।


