पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की सुनवाई के दौरान मंगलवार को कई स्थानों पर हंगामे की घटनाएं सामने आईं। लोगों ने आरोप लगाया कि सुनवाई के दौरान उन्हें परेशान किया जा रहा है।
दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती इलाके में बीडीओ कार्यालय में खोले गए सुनवाई केंद्र पर कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। इसी तरह उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली-1 नंबर बीडीओ कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई।
विरोध की लहर दक्षिण 24 परगना के ढोलाहाट इलाके तक पहुंची, जहां लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़कें अवरुद्ध कर दी गईं, जिससे घंटों तक वाहनों की आवाजाही ठप रही और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया। अधिकारियों का कहना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।


