पीरपैंती रेलवे स्टेशन से लावारिस बैग में मिले 59 मोबाइल, चोरी की आशंका
पीरपैंती रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के संयुक्त गश्ती दल ने एक लावारिस बैग से विभिन्न कंपनियों के 59 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही मोबाइल चोर बैग छोड़कर फरार हो गया।
संयुक्त गश्ती के दौरान संदेहास्पद स्थिति देखे जाने पर इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन कुमार को दी गई। इसके बाद लावारिस बैग को सुरक्षा में लेकर कहलगांव आरपीएफ पोस्ट पहुंचाया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि बैग की तलाशी के दौरान अलग-अलग कंपनियों के 59 पुराने और इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सभी मोबाइलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी भागलपुर को सौंप दिया गया है।
फिलहाल जीआरपी भागलपुर पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोबाइल चोरी के हैं या किसी संगठित गिरोह से जुड़े हुए हैं।

