प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर वाराणसी में महामृत्युंजय मंदिर में रुद्राभिषेक
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी के दारानगर स्थित प्रसिद्ध महामृत्युंजय मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रियंका गांधी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश की जनता के हित में उनके संघर्षपूर्ण नेतृत्व के लिए मंगलकामनाएं की गईं। वैदिक ब्राह्मणों द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया, जिसमें मंत्रोच्चारण और वैदिक अनुष्ठान शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी भारतीय राजनीति में संवेदनशीलता, साहस और जनसंघर्ष की सशक्त आवाज़ हैं। उन्होंने लगातार आम जनता, विशेषकर महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। उनके जन्मदिन पर भगवान महामृत्युंजय से उनके स्वस्थ, दीर्घ और सक्रिय राजनीतिक जीवन की कामना की गई।

