पंजाब में अचानक बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट

2.6kViews
1249 Shares

पहााड़ी इलाकों में बर्फबारी और पंजाब में मौसम साफ होने के बाद राज्य में ठंड ने अचानक तीखा रुख अख्तियार कर लिया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।

तापमान में गिरावट के साथ ही शनिवार सुबह पंजाब के कई जिलों में धुंध भी छाई रही। धुंध के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रही, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ सड़क यातायात पर भी असर पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से शनिवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान होशियारपुर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा गिरकर 1.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां बीते 24 घंटों के दौरान करीब 5 डिग्री की तेज गिरावट देखी गई।

अन्य जिलों में भी ठंड का असर साफ नजर आया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.4 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और धुंध का सिलसिला जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *