ग्राम पंचायतों के विकास कार्य अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आम जनता के लिए उपलब्ध होंगे। पंचायत एडवांस इंडेक्स (पीएआई) पोर्टल पर जिले की नौ विकास खंडों की सभी 793 ग्राम पंचायतों का विस्तृत डाटा अपलोड कर दिया गया है।
इस पोर्टल पर 11 विभागों के 116 मानदंडों के आधार पर किए गए विकास कार्यों का पूरा लेखा-जोखा देखा जा सकता है। पंचायत राज विभाग ने सचिवालय के माध्यम से इस डाटा को पोर्टल पर डालते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे सुधार और विकास की पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
पीएआई पोर्टल पर अपलोड किए गए आंकड़ों के आधार पर पंचायतों का मूल्यांकन किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस पहल से न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि नागरिक भी अपने गांवों के विकास कार्यों की प्रगति पर नजर रख सकेंगे।

