भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बौलीपुर गांव में गुरुवार देर रात अपराधियों ने एक दुकानदार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान बौलीपुर गांव के वार्ड संख्या 11 निवासी 65 वर्षीय कामेश्वर महतो के रूप में हुई है। वे स्वर्गीय केशो महतो के पुत्र थे और गांव में एक छोटी दुकान का संचालन करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कामेश्वर महतो रोजमर्रा की तरह गुरुवार रात दुकान बंद कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए पीछे से गोली चला दी। हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की, जिससे कामेश्वर महतो की पीठ में दो गोलियां लगीं।
गोली लगते ही वे मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि आपसी रंजिश या आपराधिक पृष्ठभूमि के एंगल से भी जांच की जा रही है।
इस वारदात के बाद बौलीपुर गांव सहित आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

