नागरिक अस्पताल में गुरुवार सुबह कायाकल्प योजना के तहत गठित टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। कैथल के सरकारी अस्पताल से आए चिकित्सक अनिल कुमार और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर परविंद्र कौर ने क्वालिटी इंचार्ज नर्सिंग ऑफिसर प्रोमिला के साथ मिलकर अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन कक्ष, प्रयोगशाला समेत अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया।
कायाकल्प टीम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, रखरखाव की स्थिति, चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यक्षमता और दवाइयों के स्टॉक की भी जांच की। टीम का उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना रहा।
निरीक्षण के बाद कायाकल्प टीम की ओर से नागरिक अस्पताल को अंक प्रदान किए जाएंगे। यदि अस्पताल को 70 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त होता है, तो उसे कायाकल्प अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल को एक वर्ष के लिए तीन लाख रुपये का अतिरिक्त बजट भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी नागरिक अस्पताल को कायाकल्प अवॉर्ड प्राप्त हुआ था। टीम सुबह के समय ही अस्पताल पहुंच गई थी और निरीक्षण की शुरुआत सबसे पहले वार्डों से की गई। अस्पताल प्रशासन को इस बार भी बेहतर स्कोर और पुरस्कार मिलने की उम्मीद है।

