सिंगरौली (वैढन)।जिले के वैढन कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विंध्यनगर रोड स्थित महाराष्ट्र बैंक में शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब 5 नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
घटना का पूरा विवरण:
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, बदमाश दो बाइक पर सवार होकर बैंक पहुंचे और अचानक अंदर घुस गए। बैंक में प्रवेश करते ही उन्होंने कर्मचारियों और मौजूद लोगों को बंदूक की नोक पर ले लिया। इस दौरान बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट भी की और दहशत फैलाने के लिए गोली चलाने की भी खबर सामने आई है।

घटना के बाद बदमाश बैंक से नगदी लूटकर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लगभग 20 लाख रुपये नगदी एवं 10- 12 करोड़ के सोना की लूट का अनुमान लगाया जा रहा है।
भागने के दौरान अहम सुराग:
सूत्रों के मुताबिक, जब बदमाश घटनास्थल से भाग रहे थे, तब रास्ते में उनका एक रिवॉल्वर गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं बैंक परिसर से एक खाली कारतूस भी मिला है, जिससे फायरिंग की पुष्टि के संकेत मिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी आंबेडकर चौक की दिशा में फरार हुए हैं।

पुलिस की कार्रवाई तेज:
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की कमान संभाल ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, सीएसपी उमेश कुमार प्रजापति, एसडीओपी राहुल सैयाम और कोतवाली वैढन थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार सहित भारी पुलिस बल मौजूद है और जांच जारी है।

साइबर टीम भी जांच में शामिल:
एसपी मनीष खत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को भी मौके पर बुलाया है। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल:
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे सिंगरौली जिले में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रदेश के डीजीपी पहुंचेंगे सिंगरौली
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना आज शाम 6 बजे तक रीवा पहुंचेंगे जिसके बाद रात 9 बजे सिगरौली पहुंचेंगे व बैंक आफ महाराष्ट्र मे हुई बदूक की नोक पर दिनदहाडे लूटपाट की घटना की जांच करने पहुंच सकते हैं। एवं खबर है कि कल पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं। जिले के कई थाना प्रभारी सहित जिले के अधिकारियों पर गाज भी गिर सकती है।
Update- Date 17-04-2026 Time- 07:30PM
बैंक लूट की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव राजपूत और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हेमंत चौहान तत्काल सिंगरौली पहुंचे और मौके का जायजा लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे के बाद जिले की कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खडे हो गए हैं।आईजी और डीआईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया की स्थिति का आकलन किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरोपियो की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और जिले में अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।


