महाराष्ट्र के पालघर जिले के वाडा तालुका स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक छात्रा ने अपनी सहपाठी छात्रा को जबरन नमाज़ पढ़ने के लिए मजबूर किया। घटना सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रावास वार्डन और एक शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात को वाडा के पोशेरी स्थित मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में हुई। मामले के उजागर होते ही परिसर में तनाव की स्थिति बन गई और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार रात एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना रैगिंग के दायरे में आती है या इसमें किसी तरह का दबाव, मानसिक उत्पीड़न या सांप्रदायिक पहलू शामिल है।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि संस्थान में रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाती है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, छात्र संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए पीड़िता को सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह मामला एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में रैगिंग और छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

