गुजरात के प्रभास पाटन में स्थित सोमनाथ मंदिर, भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला माना जाता है और यह देश की आस्था, गौरव और सभ्यता का प्रतीक है। सोमनाथ सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हजारों साल पुराने संघर्ष और विश्वास की कहानी भी बयां करता है।
वर्ष 2026 सोमनाथ के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि इस वर्ष मंदिर पर हुए पहले आक्रमण को 1000 साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जा रहा है।
सोमनाथ में 8 से 11 जनवरी तक धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान देशभर से श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 11 जनवरी को सोमनाथ मंदिर का दौरा करेंगे।
मंदिर प्रशासन और स्थानीय संगठन श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम कर रहे हैं, ताकि इस ऐतिहासिक पर्व को शांति और श्रद्धा के साथ मनाया जा सके।

