पांवटा साहिब में यमुनाघाट का जीर्णोद्धार, आधुनिक घाट बनने की तैयारी
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को दो हिस्सों में बांटने वाली यमुना नदी के जिला सिरमौर स्थित पांवटा साहिब में यमुनाघाट का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो गया है। यहां हरिद्वार के हर की पौड़ी की तरह ही एक भव्य और आधुनिक घाट का निर्माण किया जाएगा।
केंद्र सरकार की नमामि गंगे परियोजना के तहत पहले चरण में 30 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जबकि कुल योजना पर 65 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। वन विभाग और केंद्र सरकार से आवश्यक क्लीयरेंस मिलने के बाद यह कार्य शुरू किया गया।
योजना के अनुसार तटवर्ती क्षेत्र को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु, स्थानीय लोग और पर्यटक बेहतर सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
2023 में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। वन विभाग से 65 हेक्टेयर भूमि मिलने के बाद अब घाट क्षेत्र को सुरक्षित, आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने का काम शुरू हो चुका है।

