17 लाख की साइबर ठगी मामले में झरिया में छापेमारी, तीन लोग हिरासत में

2.1kViews
1747 Shares

फर्जी लिंक के जरिए 17 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को झरिया में बड़ी कार्रवाई की। हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कतरास मोड़ स्थित विकास स्वीट्स और चौथाई कुल्ली इलाके में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

छापेमारी के दौरान कतरास मोड़ स्थित विकास स्वीट्स के संचालक अरुण प्रताप केसरी को हिरासत में लिया गया। वहीं चौथाई कुल्ली क्षेत्र से राजेश सिंह उर्फ राजू सिंह और अजय रवानी को पकड़ा गया है। पुलिस का मानना है कि इन लोगों की भूमिका साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में प्रगति केसरी पर दबाव बनाने के उद्देश्य से उसके पिता अरुण प्रताप केसरी को झरिया थाना लाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके पर देखते ही प्रगति केसरी फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है। साइबर ठगी से जुड़े लेन-देन, फर्जी लिंक और बैंक खातों की भूमिका को लेकर पुलिस गहन जांच कर रही है। वहीं स्थानीय पुलिस पूरे मामले पर अभी आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से बच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *